शारदा रिपोर्टर मेरठ। बुधवार सुबह शिक्षा के मंदिर में छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि, हास्टल की छत से गिरने पर छात्रा की मौत हुई है। हालांकि, इस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। लेकिन, पुलिस को घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है।

दरअसल, पूरी घटना गंगानगर थानाक्षेत्र के आईआईएमटी गर्ल्स हॉस्टल की है। यहां सहारनपुर की रहने वाली अनुपम बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। जो हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। जिसकी बुधवार सुबह गंगानगर स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरकर मौत हो गई। छात्रा का नाम अनु गुप्ता बताया जा रहा है। जो एमबीए प्रथम वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। जैसे ही यह घटना हुई, तभी अन्य स्टूडेंट्स ने इस बात की जानकारी यूनिवर्सिटी प्रशासन को दी। जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया है।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। बताया जा रहा है कि, घटना सुबह 9.30 बजे के आसपास की है। छात्रा की बॉडी सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल के नीचे बने जिम के बाहर खून से लथपथ पड़ी थी। बताया जा रहा है कि, हास्टल में काम करने वाली आया ने सबसे पहले छात्रा की डेड बॉडी को देखा। उसने अन्य छात्राओं को बताया और शोर मचाया। जिसके बाद कॉलेज प्रशासन को बताया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छत से गिरने के कारण छात्रा का चेहरा बुरी तरह खून से लथपथ हो गया। क्योंकि, अनु सिर के बल जमीन पर गिरी थी। इससे उसका सिर फट गया और चेहरे से भी खून बहने लगा। घटनाक्रम के बाद फिलहाल बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। वहीं पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि, छात्रा हॉस्टल के कमरा नंबर 67 में रहती थी। जो हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर है।
वहीं, इस पूरे मामले में एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि, आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में एक छात्रा बिल्डिंग की छत से गिर गई है। सूचना पर तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। उन्होंने कहा कि, छात्रा की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। मामले में हर तथ्यों की जांच हो रही है। सुसाइड नोट अभी तक परिजनों या पुलिस को अभी तक नहीं मिला है। लेकिन इसकी भी जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी है वो सहारनपुर के रहने वाले हैं।संजो मेरठ पहुंचने की बात कह रहे हैं।

