– रोहटा पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए की कार्रवाई।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। बड़ौत मार्ग पर बुधवार देर शाम और गुरूवार सुबह पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहनों का चालान किया गया।
थाना प्रभारी पूजा पंवार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। उन्होंने बताया कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और अधूरे कागजात वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। रोहटा चौकी इंचार्ज गौरव तिवारी भी अभियान में शामिल थे।
पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखी गई। वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजातों की गहनता से पड़ताल की गई। चेकिंग अभियान के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर हल्की जाम की स्थिति जरूर बनी, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सुचारु बनाए रखा।
थाना प्रभारी पूजा पंवार ने बताया कि यह चेकिंग अभियान क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में पुलिस का खौफ बना रहे और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया और इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक आवश्यक कदम बताया।