– बाजार शिफ्ट करने से पहले व्यापारियों से करें वार्ता, मेडा उपाध्यक्ष से मिले व्यापारी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। शहर में जाम की स्थिति को दूर करने के लिए कुछ खास व्यापार को शिफ्ट करने की तैयारी है। इसमें महायोजना में शामिल ट्रांसपोर्टनगर के साथ ही अब खंदक बाजार को भी शिफ्ट करने की चर्चा हो रही है। जिसे लेकर खंदक बाजार व्यापार संघ के पदाधिकारी मेडा उपाध्यक्ष से मिले और ज्ञापन सौंपा।

खंदक व्यापार संघ के अध्यक्ष अंकुर गोयल और महामंत्री नीलकमल रस्तोगी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अखबार में वह सोशल मीडिया पर न्यूज चैनल में दिखाई जा रही खबर कि खंदक बाजार को अन्यत्र कहीं हापुड़ रोड पर शिफ्ट करने की योजना एमडीए बना रहा है। इसी संबंध में शनिवार को प्रधान अंकुर गोयल एवं महामंत्री नीलकमल रस्तोगी बाजार के कुछ व्यापारियों के साथ मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा से मिले।
व्यापारियों ने ज्ञापन देते हुए कहा कि वह अपने बाजार को अन्यत्र शिफ्ट करने के इच्छुक नहीं है। फिर भी यदि मेरठ विकास प्राधिकरण कोई योजना बना रहा है, तो उसमें व्यापारियों की सहमति अवश्य ली जाए। व्यापारियों ने साफ कहा कि यदि मेडा ने बिना व्यापारियों को विश्वास में लिए कोई कार्ययोजना तैयार की, तो व्यापारी उसका खुलकर न केवल विरोध करेंगे बल्कि आंदोलन को भी बाध्य होंगे।
उपाध्यक्ष संजय मीणा ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। लेकिन जब भी कोई योजना बनेगी, तो उसमें व्यापार संघ को सम्मिलित कर कर ही उस योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

