– शौच के दौरान हादसा, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया।
बुलंदशहर। नरोरा थाना क्षेत्र के बेलोन गांव में चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान एक महिला की बस से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुई। मृतक की पहचान फिरोजाबाद के मिर्जानगर निवासी 35 वर्षीय सीमा पत्नी मिठ्ठू लाल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सीमा मंगल बाजार बाग में रात में खड़ी बसों के पीछे शौच कर रही थीं। इसी दौरान एक बस रिवर्स करते समय उनके ऊपर चढ़ गई, जिससे वह पिछले पहिए की चपेट में आ गईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में यात्री और पुलिस प्रशासन के लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही नरोरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य और बेलोन चौकी इंचार्ज दिलीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। बस को नरोरा थाने भेज दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

