– बहेड़ी में हुए हादसे में एक घायल, घटना के बाद एक्सयूवी चालक हुआ फरार।
बरेली। बहेड़ी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जाम सावंत निवासी आकाश (26) पुत्र सुरेंद्र और शिव कुमार (25) पुत्र प्रेम सिंह बाइक से बहेड़ी की ओर जा रहे थे। गुडवारा के पास पीछे से आ रही एक एक्सयूवी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शिव कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। आकाश की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे की खबर गांव पहुंचने पर परिजनों में शोक व्याप्त हो गया।
बहेड़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया है। चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

