शारदा रिपोर्टर मेरठ। जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में दिनदहाड़े गोलियां मारकर सुरेंद्र सिंह नामक युवक की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय सुरेंद्र सिंह करीब दो बजे रामराज के बाजार से जा रहा था। तभी कुछ हमलावर आए और सुरेंद्र को गोलियां मार दी। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं, खून से लथपथ सुरेंद्र वहीं गिर पड़ा। गोलियां चलते ही बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। सूचना पर बहसूमा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल सुरेंद्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हत्यारों ने सुरेंद्र सिंह को चार गोलियां मारी। साथ ही पूरे बाजार में चिल्लाकर कहा कि ‘है कोई माई का लाल पूरे बाजार में जो तुझे बचा ले’।
फायरिंग होने पर बाजार में भगदड़ मच गई, जबकि कुछ दुकानदारों ने डर के मारे शटर नीचे कर लिए। करीब डेढ़ साल पहले सुरेंद्र फलावदा थानाक्षेत्र के सनौता गांव से एक विवाहिता को लेकर अपने साथ ले गया था। अब वह उसी महिला से कोर्ट मैरिज करने की फिराक में था। इसी मामले को हत्या की वजह माना जा रहा है। खुलेआम बाजार में हुई इस गोलीबारी की घटना ने स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि इतने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। बता दें कि रामराज कस्बा मुजफ्फरनगर जिले में आता है, जबकि थानाक्षेत्र बहसूमा का है, जो कि मेरठ में है। यह दोनों जिलों के बॉर्डर का इलाका है।

