पुलिस ने गेट तोड़कर पांच लोगों को बचाया।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र स्थित जय देवी नगर में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के भीतर मौजूद परिवार के पांच सदस्य अंदर ही फंस गए। समय रहते नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और जान की परवाह किए बिना लोहे का गेट तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिसकर्मियों की इस बहादुरी को लेकर इलाके में उनकी जमकर सराहना की जा रही है।

घटना जय देवी नगर निवासी अशोक कुमार के मकान में हुई अशोक मकान में ही दूध की डेरी चलते हैं बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात करीब एक बजे अचानक मकान में लगे विद्युत मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ,जिससे आग भड़क उठी। मीटर से उठती आग की लपटें देख अशोक कुमार ने शोर मचाया,जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नौचंदी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिसकर्मियों ने हालात की गंभीरता को देखते हुए लोहे का गेट तोड़ा और आग के बीच फंसे परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।साथ ही पास खड़े कई वाहनों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची,जहां पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान में रखा करीब सात लाख रुपये का सामान व तीन वाहन जलकर राख हो चुका थे।बताया जा रहा है कि मकान में कई गैस सिलेंडर भी मौजूद थे।जिनमें आग लग जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।इस जांबाज कार्रवाई में कैलाशपुरी चौकी इंचार्ज सचिन यादव,हेड कांस्टेबल बंटी,इमरान,कपिल राठी और होमगार्ड अजय की हम भूमिका रही। पुलिसकर्मियों की इस बहादुरी को लेकर इलाके में ही नहीं,बल्कि पूरे शहर में उनकी जमकर सराहना की जा रही है।

