– पुलिस भर्ती का पेपर देकर लौट रहा था युवक
बिजनौर। नहटौर इलाके में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया। दोनों युवक पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर देकर देर शाम घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
सूचना के मुताबिक शेरकोट थाना क्षेत्र के ग्राम नंद गांव का रहने वाला आदित्य उर्फ विक्की (20) पुत्र शीशराम सिंह और उसका साथी सुन्दर पुत्र नरेन्द्र सिंह रविवार को दूसरी पाली का राजा ज्वाला प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज बिजनौर में यूपी पुलिस का पेपर देने गए थे। बताया जा रहा है की दोनों युवक पेपर छूटने के बाद देर शाम बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
जब वह सायं करीब साढ़े छह बजे धामपुर मार्ग स्थित गांगन नदी के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों बाइक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में आदित्य उर्फ विक्की की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल सुन्दर को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।