नहाने के दौरान हुआ हादसा, पीएसी फ्लड प्लाटून टीम ने खोजा
बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के औरंगाबाद चांदौक गांव में तालाब में नहाने गए युवक का शव 17 घंटे बाद मिला। मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना के बाद बुधवार सुबह पीएसी फ्लड प्लाटून की टीम ने खोज अभियान चलाया और सुबह करीब 10 बजे शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरंगाबाद चांदौक निवासी राजेंद्र पुत्र चंद्रवीर (38) मंगलवार शाम करीब पांच बजे गांव के पोखर में नहाने गया था। ग्रामीणों ने उसे गहरे पानी में जाने से मना किया और खतरे की चेतावनी भी दी, लेकिन राजेंद्र ने उनकी बात नहीं मानी। कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने देर शाम तक राजेंद्र की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोज अभियान रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह अनूपशहर से पीएसी फ्लड प्लाटून की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोबारा खोज अभियान शुरू किया। सुबह करीब 10 बजे राजेंद्र का शव पोखर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेस्क्यू के दौरान पूर्व विधायक गुड्डू पंडित वोट में पीएसी के जवानों के साथ उनकी मदद करते नजर आए। ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र भट्टे पर ईंट भराई का काम करता था। उसके तीन बच्चे हैं। इस घटना से परिजनों में गहरा दुख है।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि पुष्टि की कि डूबे हुए व्यक्ति का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।