– जानी के भगवानगड़ी में तीन लोगों पर आरोप।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के गांव भगवान गड़ी में खेत पर पानी देने गए एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानी खुर्द गांव भगवान गढ़ी निवासी मोहित पुत्र बिजेन्द्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे वह अपने खेत पर पानी दे रहा था। इसी दौरान गांव का सोनू पुत्र ओमबीर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। मोहित के विरोध करने पर सोनू ने डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़ित मोहित का आरोप है कि कुछ ही देर बाद अमित पुत्र राजबीर और निखिल पुत्र सुधीर भी मौके पर आ गए। तीनों ने मिलकर मोहित के साथ मारपीट की। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि मोहित उनकी शादी में क्यों नहीं आया और उनसे रंजिश रखता है।
मोहित के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसके शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। जानी हलके के प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित मोहित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तीनों नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

