जमुनहा-बहराइच मार्ग पर हुए सड़क हादसे में तीन लोग हुए घायल
श्रावस्ती। जमुनहा-बहराइच मार्ग पर दो दिनों के भीतर हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पहली घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना में अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई।
हादसे में कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। शनिवार सुबह पुलिस ने युवक की मौत के मामले में उसके पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सोनवा थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी बृजेश कुमार कश्यप (22) पुत्र लालमन मुंबई की एक प्लाईवुड कंपनी में काम करते थे। बीते बुधवार को वह मुंबई से घर लौटे थे। बृहस्पतिवार देर शाम वह बाइक से तुलसीपुर बाजार गए थे। वहां से घर लौटते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
परिजन बृजेश का शव लेकर गांव पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता लालमन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
बृजेश दो भाइयों में बड़े थे। उनकी शादी महज एक साल पहले हुई थी और उनकी एक मासूम बेटी भी है। जवान बेटे की मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले बेटे के मुंबई से लौटने की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
दूसरी घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बीरगंज स्थित लॉर्ड कृष्णा पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने हुई। जमुनहा की ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।