मरने वालों में चाचा-भतीजा शामिल, सड़क पर बिखरे मांस के टुकड़े, बारात से लौट रहे थे
संतकबीरनगर। सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक घुसने से चाचा भतीजे समेत 3 की मौत हो गई। तीनों रात करीब 2 बजे बारात से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों के शव सड़क पर बिखर गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। मामला जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर धनघटा थाना क्षेत्र के तेलियागंज-रामजानकी मार्ग का है।
मृतकों की पहचान वैभव (19) पुत्र दधूबल, श्यामू (21) पुत्र शिवधारी और अमित सिंह (23) पुत्र राम सहारे के रूप में हुई है। तीनों धनघटा थाना क्षेत्र के पारा हरगोविंद गांव के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों वैभव की बुआ के घर संतकबीरनगर के उंचहारे से बस्ती जिले के मुंडेरवा बारात में शामिल होने गए थे।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक बारात में शामिल होने के बाद देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धनघटा थाना क्षेत्र के तेलियागंज-रामजानकी मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक का नंबर इफ 44 ऋ4751 था। ट्रक में पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे। इसके अलावा ट्रक ओवरलोड था और उसके पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा होता और उसकी पार्किंग लाइट जल रही होती तो हादसा टल सकता था। लोगों ने यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने और ऐसे वाहनों को सड़क पर खड़ा होने से रोकने की मांग की है।
हादसे में तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने तीनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
धनघटा थाने के इंस्पेक्टर राजेश कुमार दुबे ने बताया मृतकों के परिवार की ओर से शिकायत मिली है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।