– बाथरूम में खेल रही थी, घरवाले बरामदे में चाय पी रहे थे।
लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव में बाथरूम में पानी से भरे टब में डूबने से 2 साल की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने घटना की पुलिस को जानकारी नहीं दी। दोपहर में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, गढ़ा गांव के टेढ़िया मोहल्ला निवासी मजदूर सोनू रावत की सबसे छोटी बेटी तान्या रविवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाथरूम में खेल रही थी। उस समय परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में चाय पी रहे थे। बच्ची की मां रसोई में काम कर रही थी।

बताया गया कि खेलते-खेलते तान्या बाथरूम में रखे पानी से भरे टब के पास पहुंच गई। वह टब में रखे एक गिलास को धोने लगी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। वह मुंह के बल पानी से भरे टब में गिर गई।
कुछ देर तक किसी को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी। काफी समय बीतने के बाद जब बच्ची नजर नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाथरूम में पहुंचने पर तान्या को टब में अचेत अवस्था में पाया गया।
परिजनों ने तत्काल बच्ची को लेकर नगराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची के पिता सोनू रावत ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी तीन वर्षीय आन्या और छोटी दो वर्षीय तान्या थी।
नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी का कहना है कि परिजनों ने घटना की सूचना नहीं दी। देर शाम को मामले की जानकारी हुई तो पुलिस को बच्ची के घर जांच के लिए भेजा गया।

