सुवांव नदी पुल पर हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला, चालक फरार
बलरामपुर। नगर कोतवाली में भगवतीगंज चौराहे से पहले स्थित सुवांव नदी पुल पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार करीब पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे गोंडा से बलरामपुर की ओर आ रही बोलेरो (यूपी-40 टी-0572) की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद बोलेरो में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर डायल-112 पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें बढ़नी जाना था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि पुल पर सुरक्षा बैरियर नहीं होता तो बोलेरो नीचे खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक पुल पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।