संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला, परिवार का इकलौता कमाने वाला था
हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के टुमुर्की गांव के पास सोमवार की सुबह एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी (शाहाबाद सर्किल) आलोक राज नारायण ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना के विषय में जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए।
मृतक की पहचान मझिला थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी तहजीब उर्फ बबलू (26) पुत्र स्वर्गीय मुजीब के रूप में हुई है। बब्लू गांव में आटा-चावल की पिसाई और कुटाई की चक्की चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। कुछ समय पहले पिता के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
मृतक के चाचा ने बताया कि रविवार की आधी रात करीब 12 बजे तक बबलू घर पर ही था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल के बाद वह चुपचाप घर से बाहर निकल गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
सोमवार तड़के करीब 4 बजे राहगीरों ने टुमुर्की गांव के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पर परिजनों ने शव की पहचान तहजीब के रूप में की। उन्होंने तुरंत डायल 112 और मझिला थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की इस असमय मौत से मां और भाइयों का बुरा हाल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (सर्किल शाहाबाद) और मझिला थाना प्रभारी वीर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी ने बताया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।