मरने से पहले पुलिस के सामने लगाया पत्नी पर उत्पीड़न करने का आरोप, बोला अब जीना नहीं चाहता
बरेली। आत्मदाह करने वाले मस्जिद के मुअज्जिन (अजान देने वाला) की बुधवार शाम 5 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। उसने घरेलू विवाद से तंग आकर 28 जुलाई को आग लगा ली थी। उसका दो दिन तक इलाज चला लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
उसने मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में पत्नी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसका कहना था कि पत्नी से परेशान होकर उसने अपनी जान दी है। वह जीना नहीं चाहता है। उसकी मौत के बाद गुरुवार को आत्मदाह करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो 2 मिनट 5 सेकेंड का है। जिसमें वह पेट्रोल की बॉटल लेकर घर में घुसते हुए और फिर आग की लपटों से घिरा हुआ और घर के बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस अब उसके आखिरी बयान और आत्मदाह के वीडियो के आधार पर परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पड़ोसियों से भी घटना की जानकारी ले रही है। मामला फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र का है।
अब्दुल कादिर मोहल्ला अंसारी के रहने वाले थे। वह फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के हुसैनी मस्जिद के मुअज्जिन थे। वह पत्नी और एक -बेटा बेटी के साथ मकान में रहते थे। पड़ोसियों के अनुसार- पत्नी से अक्सर किसी न किसी बात को लेकर उसका झगड़ा होता रहता था। इसी बात से तंग आकर उसने 28 जुलाई को दोपहर 12:36 पर आग लगा ली थी।
वह चीखते हुए घर से निकलकर सड़क की तरफ भागा। लोगों ने उसे जलते देखा तो बचाने दौड़े। इसी बीच कुछ लोग घरों से पानी लेकर आए। उसके शरीर पर डाल दिया। जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा।
उसे इलाज के लिए फौरन एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था। वहां पर उसे भर्ती कराया गया था। दो दिनों तक उसका इलाज चला। बुधवार शाम करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम कराया उसे सुपर्द ए खाक कर दिया।
पुलिस को जब आत्मदाह की सूचना मिली थी तब अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अब्दुल कादिर से घटना की जानकारी ली थी। उस समय अब्दुल कादिर ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ा करती है।
अपने भाई के साथ मिलकर उसे फिजिकली और मेंटली टॉर्चर करती है। इससे तंग आकर उसने खुद को आग लगाई है। वह अब जीना नहीं चाहता है। उसकी मौत के बाद पुलिस उसके घर भी पहुंची थी। परिजन और पड़ोसियों से घटना की जानकारी ली। उसके बाद मामले की छानबीन में जुट गई।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला अंसारी में एक युवक के खुद को आग लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस आत्मदाह करने वाले युवक के दिए बयान और वीडियो की जांच कर रही है। जो भी उचित कार्रवाई होगी वो की जाएगी।