पुलिस पहचान करने में जुटी, शव टावर के पास पड़ा था
कौशांबी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे में गुरुवार सुबह जीटी रोड किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बीएसएनएल टावर के पास शव पड़ा देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने हल्के आसमानी रंग की जींस और हल्के पीले रंग की चेकदार शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
युवक की पहचान कराने के लिए पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कराई है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक के परिजनों तक पहुंचा जा सके। जीटी रोड के पास शव मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।