– नगर निगम कर्मचारियों ने बैठक कर उठाई मांग समझौते को लेकर नाराजगी।
शारदा रिपोर्टर
मेरठ। पार्षद द्वारा कर्मचारियों पर गोली चलाए जाने के मामले में भले ही समझौता हो गया हो, लेकिन कर्मचारियों में अभी भी नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने मंगलवार को सूरजकुंड डिपो पर बैठक कर अधिकारियों से अपनी सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
सूरजकुंड वाहन डिपो पर हुए गोलीकांड के बाद भाजपा की किरकिरा होता देख ऊर्जा राज्य मंत्री डा सोमेंद्र तोमर, महानगर अध्यक्ष विपिन रस्तोगी, मेयर हरिकांत अहलूवालिया के अलावा सौरभ गंगवार ने मेयर कैंप कार्यालय पर गोली चलाने के आरोपी पार्षद रविंद्र की पत्नी और कर्मचारी अविनाश के पिता में भले ही समझौता कर दिया हो। लेकिन यह समझौता सफाई कर्मचारियों को गले से नीचे नहीं उतर रहा है। जिसके चलते मंगलवार को नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सभी कर्मचारियों ने नगर निगम हाल में मीटिंग की।
इस दौरान नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनेश मनोठिया ने बताया कि, भले ही भाजपा नेताओं ने इस गोलीकांड में पार्षद रविंद्र की पत्नी और कर्मचारी अविनाश के पिता के बीच समझौता कर दिया हो, लेकिन अगर इस दौरान सफाई कर्मचारियों को भी मौके पर बुला लिया होता तो ज्यादा बेहतर रहता है।
उन्होंने कहा कि, केवल एक सफाई कर्मचारी ही है जो न्यूनतम वेतन लेकर आपके घरों की गंदगी को साफ करता है। जबकि, उसके बदले सफाई कर्मचारी का बेवजह उत्पीड़न किया जाता है।
उन्होंने कहा कि, हमें इस समझौते से कोई परेशानी नहीं है। लेकिन जब कर्मचारी हमारे है तो फिर हमें भी समझौता होते समय बुलाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि, अब सफाई कर्मचारी संघ के सभी कर्मचारी अब नगर आयुक्त सौरभ गंगवार और मेयर हरिकांत अहलूवालिया से मिलेंगे और 7 सूत्रीय मांग पत्र उन्हें सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि, इस मांग पत्र के माध्यम से सभी सफाई कर्मचारी अपनी सुरक्षा की भी मांग रखेंगे।