- संविधान-साहित्य पार्क का लोकार्पण करने के बाद बोले लोकसभा अध्यक्ष।
मुरादाबाद। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुरादाबाद में संविधान-साहित्य पार्क के लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने भारत की विविधता को उसकी असली ताकत बताया और कहा कि यह पार्क संविधान के मूल सिद्धांतों, न्याय-स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को समझने और आत्मसात करने का माध्यम बनेगा।
संविधान सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। स्वतंत्रता के बाद हमने लोकतंत्र के विचारों को आत्मसात कर विकास की दिशा तय की है। भारत की विविधता ही उसकी असली ताकत है और हमारा संविधान उसी विविधता का प्रतिबिंब है।
यह बातें बुधवार रात को बुद्धि विहार में 15 करोड़ रुपये की लागत से बने संविधान-साहित्य पार्क के लोकार्पण के अवसर पर मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, साहित्य और विरासत आज भी हम सभी को प्रेरित करती है।
मुरादाबाद के साहित्यकारों, लेखकों और विचारकों ने अपनी लेखनी से देश और दुनिया को नया दृष्टिकोण देने का कार्य किया है। 1857 में इसी धरती से क्रांति की पहली आवाज उठी थी। यहां के मुशायरों ने विचार और अभिव्यक्ति को नई दिशा दी है।
लोकसभा अध्यक्ष ने मुरादाबाद को पीतल की धरती बताते हुए कहा कि यहां के कारीगरों की शिल्पकला ने विश्व में भारत की अलग पहचान बनाई है। यहां के कारीगर आत्मनिर्भरता का सबसे जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि संविधान-साहित्य पार्क केवल एक स्थापत्य संरचना नहीं, बल्कि लोकतंत्र के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने वाला जीवंत केंद्र है।
यहां आने वाली पीढ़ियों को संविधान के मूल स्तंभ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को समझने और आत्मसात करने का अवसर मिलेगा। यह पार्क हर नागरिक को संविधान से भावनात्मक और बौद्धिक रूप से जोड़ने का कार्य करेगा और युवाओं को उनके कर्तव्यों और दायित्वों का बोध कराएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि एआई और तकनीक के दौर में भी मुरादाबादी हस्तशिल्प का कोई तोड़ नहीं है। इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र को तकनीक व नवाचार से जोड़ने से लिए भारत सरकार से मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। मुरादाबाद को एक्सपोर्ट हब बनने की दिशा में बढ़ना चाहिए।
लोकसभा अध्यक्ष डिजाइनको प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में आयोजित एक्सपोर्टर्स मीट में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने निर्यातकों से उनके मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही यहां के निर्यातकों को लोकसभा में आने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि वह निर्यातकों व सांसदों के बीच संवाद स्थापित कराएंगे, जिससे समस्याओं का निराकरण हो सके।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद की सांस्कृतिक विरासत बहुत पुरानी है। यहां की अद्वितीय शिल्पकारी आत्मनिर्भर भारत का समर्थन करती है। हस्तशिल्पियों की मेहनत से मुरादाबाद ने विदेश में पहचान बनाई है। विनीत लोहिया, विभोर लोहिया, विपिन लोहिया, विनय लोहिया, पीयूष लोहिया, विपुल लोहिया आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि लोग क्वालिटी प्रोडक्ट चाहते हैं। अच्छा लाइफस्टाइल चाहते हैं। हमारे पास 140 करोड़ का बाजार है। लोग हमें बताएं कि हम उनके लिए क्या कर सकते हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ईपीसीएच के अध्यक्ष नीरज खन्ना आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान नगर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, महेश अग्रवाल, तनवीर वारी, प्रिया अग्रवाल, अक्षत जैन आदि मौजूद रहे।