HomeCRIME NEWSस्मैक स्मगलिंग सिंडिकेट के अतीक कनेक्शन की जांच

स्मैक स्मगलिंग सिंडिकेट के अतीक कनेक्शन की जांच

-

1.03 करोड़ की स्मैक संग पकड़ा गया था सनाउल्लाह, रिश्तेदारों से होगी पूछताछ


प्रयागराज। एक करोड़ रुपये से अधिक की स्मैक के साथ पकड़े गए सनाउल्लाह उर्फ रानू के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब इस इंटर डिस्ट्रिक्ट ड्रग्स सिंडिकेट के तार माफिया अतीक अहमद के शूटर अख्तर कटरा से जोड़कर देखे जा रहे हैं। रानू को अख्तर कटरा का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस जल्द ही अख्तर कटरा से भी पूछताछ कर सकती है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रानू अकेले ही करोड़ों रुपये के स्मैक नेटवर्क को संचालित कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है। पुलिस का मुख्य फोकस स्मैक की सप्लाई चेन, फंडिंग और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर है। खासतौर पर ताड़बाग से स्मैक लाकर गाजियाबाद तक पहुंचाने के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

रानू के साथ गिरफ्तार मोहम्मद कैफ और मनोज बारी से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस दूसरे कनेक्शन भी खंगाल रही है। पुलिस ने मंगलवार तड़के फाफामऊ सिक्सलेन पुल निर्माण कंपनी सिंगला कंस्ट्रक्शन के मलाक हरहर स्थित कार्यालय के पास घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 515 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1.03 करोड़ रुपये बताई गई।

गिरफ्तार आरोपियों में पुराना कटरा निवासी सनाउल्लाह उर्फ रानू, धूमनगंज के हरवारा निवासी मोहम्मद कैफ और पुराना कटरा निवासी मनोज बारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धूमनगंज के ताड़बाग इलाके से स्मैक की खेप लाते थे। इस खेप को गाजियाबाद में किसी पार्टी तक पहुंचाया जाना था। इससे प्रयागराज से दूसरे जिले तक फैले ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ।

रानू का आपराधिक कनेक्शन भी पुलिस की जांच का अहम हिस्सा है। पुलिस के मुताबिक, वह माफिया अतीक अहमद के कुख्यात शूटर अख्तर कटरा का रिश्तेदार है। अख्तर कटरा अतीक के आईएस-227 गैंग का सदस्य रहा है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रानू और अख्तर कटरा के बीच सिर्फ पारिवारिक संबंध हैं या स्मैक के कारोबार में भी दोनों का कोई साझा कनेक्शन है। इसी बिंदु पर अख्तर कटरा से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

ताड़बाग में लकी से लेकर गाजियाबाद के खरीदार तक जांच

पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक की खेप ताड़बाग से लाने की बात बताई थी। इस मामले में लकी नाम के व्यक्ति का नाम भी सामने आया है। कैंट पुलिस ने उसे एक दिन पहले ही 10 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब पुलिस लकी और रानू के बीच संपर्क की कड़ियां तलाश रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ताड़बाग में स्मैक की आपूर्ति कौन कर रहा था और वहां से खेप किन लोगों के जरिए गाजियाबाद भेजी जानी थी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts