रामपुर। शाहबाद क्षेत्र के ढकुरिया गांव में सोमवार सुबह देवरानी और जेठानी के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में देवरानी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना शाहबाद क्षेत्र के ढकुरिया गांव निवासी मानी और उनकी जेठानी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि मारपीट के दौरान मानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहबाद पहुंचाया।
सीएचसी शाहबाद में डॉक्टरों ने मानी की हालत गंभीर बताई और बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।