नोएडा का परिवार दो घंटे बाद भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया
हापुड़। गूगल मैप के भरोसे रास्ता भटकने के कारण एक कार नाले में जा गिरी। गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र का एक परिवार मेरठ जा रहा था, तभी हापुड़ के प्रीत विहार क्षेत्र में यह हादसा हुआ। कार में सवार सभी पांच लोगों को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दादरी के सद्दीकपुरा निवासी मोहम्मद ईशान अपने परिवार के साथ मेरठ के किठौर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। मेरठ की ओर जाने वाले आरओबी पर यातायात बंद होने के कारण चालक ने गूगल मैप का सहारा लिया। मैप द्वारा बताए गए मार्ग पर चलते हुए कार प्रीत विहार क्षेत्र में करीब चार फुट गहरे नाले में जा गिरी।
मोहम्मद ईशान ने बताया कि कार नाले में गिरते ही उसके चारों दरवाजे लॉक हो गए। कार में उनके अलावा गुड्डी, भाई सादिक और बच्चे रेशु व ताहिर सवार थे। अचानक हुए हादसे से सभी घबरा गए और बाहर निकलने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफल नहीं हुए। फंसे हुए लोगों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस दौरान महिला और बच्चे मदद के लिए चिल्लाते रहे।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नाले की स्थिति और कार के फंस जाने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और फायर कर्मियों ने कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्राथमिक उपचार के बाद परिवार को सुरक्षित वापस दादरी भेज दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अजय शर्मा ने बताया कि टीम को सूचना मिलते ही भेजा गया था। नाला करीब चार फीट गहरा था और सभी को दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।