– मृतकों की संख्या दो हुई
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल शुभम पाल ने शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में अब मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। इससे पहले हादसे में एक अन्य युवक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, हस्तिनापुर निवासी सुमित और शुभम पाल पुत्र ब्रह्मपाल रविवार शाम बाइक से मवाना से हस्तिनापुर जा रहे थे। बिजलीघर के पास गंग नहर के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया था, जबकि शुभम पाल को गंभीर हालत में मेरठ के सूर्या अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान शुभम पाल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में पहले से ही आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना नीलगाय से टकराने के कारण नहीं, बल्कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई थी। इस संबंध में थाना मवाना में हंगामा भी हुआ था और पुलिस पर सही जांच न करने के आरोप लगाए गए थे।
पुलिस ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में दो युवकों की मौत से शोक का माहौल है और परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

