– यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए सराहनीय।
एजेंसी, मास्को। नोबल पीस प्राइज की घोषणा से पहले ही रूस ने शुक्रवार को कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकन का समर्थन करेगा। रूसी सरकारी एजेंसी के मुताबिक, क्रेमलिन के टॉप सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि मॉस्को ट्रंप की उम्मीदवारी के पक्ष में है। उनका कहना है कि ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए जो पहल की है, वह सराहनीय है और शांति बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मानी जा सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नोबेल शांति पुरस्कार के प्रति आकर्षण कोई नया विषय नहीं है। अपने पहले कार्यकाल के दौरान उन्हें अब्राहम समझौते के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था, जिसने इजरायल और कई अरब देशों के बीच संबंधों के सामान्यीकरण की दिशा में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इस बार ट्रंप ने अपनी महत्वाकांक्षा को और स्पष्ट रूप से सामने रखा है।
उन्होंने दावा किया है कि अपने कार्यकाल के कुछ ही महीनों में उन्होंने छह से सात अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को समाप्त करने में योगदान दिया है, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच वह तनाव भी शामिल था, जो उनके अनुसार परमाणु युद्ध का रूप ले सकता था।
जहां पाकिस्तान द्वारा ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है, वहीं भारत ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को स्पष्ट रूप से कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम कराने में उनका कोई प्रत्यक्ष योगदान नहीं रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि उन्होंने आठ अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी लिस्ट में इजराइल-ईरान, भारत और पाकिस्तान, कांगो और रवांडा, कंबोडिया-थाईलैंड, आर्मेनिया और अजरबैजान, नील नदी पर बांध विवाद मिस्र और इथियोपिया, सर्बिया-कोसोवो संघर्ष और गाजा में इजराइल-हमास युद्धविराम शामिल हैं।