एसटीएफ और एनआईए कर रही जांच, धमकी देना वाला एकाउंट बंद
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में 6 नवंबर की रात हुए धमाके की जांच में कई एजेंसियां जुटी हैं। गाजियाबाद पुलिस, क्राइम ब्रांच, यूपी एसटीएफ और एनआईए के साथ केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही हैं।
हालांकि, घटना के दो दिन बाद भी पुलिस को यह पता नहीं चल सका है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसियां उस एक्स अकाउंट की भी पड़ताल कर रही हैं, जिससे धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। यह अकाउंट पोस्ट किए जाने के कुछ घंटे बाद ही बंद हो गया था।
इस मामले में वसुंधरा पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा विकास कुमार ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर की रात करीब 8:50 बजे वह चौकी पर मौजूद थे। तभी चौकी के पिछले हिस्से में तेज धमाका हुआ। इससे कमरे की दीवारों में दरारें आ गईं। पीछे बने बाथरूम और कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। चौकी में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर फील्ड यूनिट और अन्य जांच एजेंसियों ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।जांच एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि चौकी पर धमाका करने का मकसद क्या था। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके जरिए सिर्फ दहशत फैलाने की कोशिश तो नहीं की गई। घटना के समय चौकी पर ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। आसपास भीड़भाड़ वाला बाजार भी नहीं है।
फोरेंसिक टीम अभी तक यह साफ नहीं कर पाई है कि धमाके में दिवाली के पटाखों का इस्तेमाल हुआ था या किसी दूसरे विस्फोटक का। इसकी जांच जारी है।