– सीसीटीवी में कैद हुई घटना।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव से गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहां एक महिला ने पुलिस पर देर रात जबरन घर में घुसने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की, और कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

पीड़िता शीबा खातून पत्नी हसीन, निवासी खजूरी किला मार्ग, याला, परीक्षितगढ़ ने बताया कि बीते 31 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे वह घर पर अकेली थीं। तभी कुछ लोग उनके घर पहुंचे और खुद को थाना परीक्षितगढ़ के पुलिसकर्मी व क्राइम ब्रांच से होने का दावा किया।जिसके बाद उन्होंने दरवाजा खोलने को कहा।
महिला का कहना है कि उन्होंने साफ कहा कि वह अकेली हैं और महिला पुलिस के आने पर ही दरवाजा खोलेंगी, लेकिन आरोप है कि उनकी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद सादी वर्दी में मौजूद लोगों ने हथौड़े और लोहे की रॉड से दरवाजा और दीवार तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान गाली-गलौच और अभद्रता भी की गई।
पीड़िता के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी आरोपी अपने साथ ले गए। हालांकि, पूरी घटना की फुटेज उनके पास सुरक्षित है, जिसमें कथित पुलिसकर्मी साफ नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद से महिला डरी हुई हैं और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है। उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल व राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग समेत एसएसपी डॉ विपिन ताडा को शिकायत पत्र दिया है। उन्होंने मामले की जांच का निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस के अनुसार महिला के पति पर पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में ही पुलिसकर्मी जांच के लिए पहुंचे थे। वहीं पीड़िता का कहना है कि यदि मुकदमा दर्ज हैं तो पुलिसकर्मी इस तरीके से जबरन घर में कैसे घुस सकते हैं। उन्होंने इस संबंध में फुटेज भी पुलिस अधिकारियों को दिखाई है।

