- देर रात एक्सपोर्ट फैक्ट्री के कर्मचारियों को लेकर जा रही थी, नशे में था ड्राइवर।
मुरादाबाद। मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर हरिद्वार हाईवे पर पलट गई। हादसे के समय बस एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री से कर्मचारियों को लेकर मुरादाबाद शहर लौट रही थी। हादसे में बस सवार 30 में से 20 एक्सपोर्ट कर्मी घायल हुए हैं। इनमें से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के समय बस का चालक नशे की हालत में था। जिसकी वजह से ये हादसा हुआ। हादसा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अगवानपुर फ्लाइओवर के पास हुआ। अगवानपुर फ्लाइओवर पर प्राइवेट बस के पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घायल महिला के पति ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक जबरन देर रात तक स्टाफ से काम करा रहा था।
ये बस छजलैट के लदावली में स्थित फाइनस्को एक्सपोर्ट कंपनी के 30 कर्मचारियों को लेकर प्रभात मार्केट मुरादाबाद जा रही थी। इस फर्म के मालिक पुनीत हैं। फर्म के कर्मचारियों को रोजाना यही बस लाती जे जाती है। मंगलवार रात करीब 12 बजे ओवरटाइम के बाद ये बस स्टाफ को लेकर मुरादाबाद शहर की तरफ आ रही थी, तभी फ्लाईओवर के नॉर्थ फुट के पास पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर ड्राइवर साइड पर पलट गई। हादसे में लगभग 20 यात्री घायल हो गए। जिनमें 4 यात्रियों के गंभीर चोटें आई हैं।
बस पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को बस से निकला। सभी घायलों को कॉसमॉस और डेंटल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया।
कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती घायलों में अरविंद चौधरी (ड्राइवर), चंद्रपाल, प्रदीप, राकेश, संजीव कुमार, लल्लू सिंह, विशाल, प्रेमपाल, अमित, नाजिम, राजेंद्र आदि शामिल हैं। इसके अलावा डेंटल कॉलेज में मोहम्मद कासिम, प्रथवीर सिंह, बाबू, गजराम सिंह, महिपाल सिंह और दो महिलाएं भुवनेश्वरी और कस्तूरी भर्ती हैं। सभी घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
बस हादसे में घायल हुई महिला कर्मचारी भुवनेश्चवरी के पति सुरेश कुमार का कहना है कि परिवार के साथ हरथला विद्या नगर में रहते हैं। वो खुद बरेली में एक कंपनी में सुपरवाइजर हैं, जबकि उनकी पत्नी भुवेश्वरी हरिद्वार हाईवे पर लदावली कोकरपुर की पुलिया के पास स्थित एक्सपोर्ट फैक्ट्री फाइनस्को में काम करती है। ये फैक्ट्री मुरादाबाद के निर्यातक पुनीत कुमार की है।
सुरेश का कहना है कि फैक्ट्री में शाम को 6 बजे तक काम होता है। लेकिन फैक्ट्री मालिक बीच-बीच में जबरन ओवरटाइम कराता है। मंगलवार को भी स्टाफ से जबरदस्ती रात 11 बजे तक काम कराया गया। इसके बाद कंपनी की बस रात करीब 12 बजे स्टाफ को फैक्ट्री से लेकर मुरादाबाद के लिए चली थी।
ड्राइवर ने शराब पी रखी थी, उसने एक न सुनी
हादसे में घायल हुए डबल फाटक सीतापुरी निवासी राकेश का कहना है कि रात करीब 11 बजे तक काम करने के बाद 12 बजे फैक्ट्री से बस श्रमिकों को लेकर चली थी। ड्राइवर नशे की हालत में था। अगवानपुर पुल के पास उसने सामने जा रहे वाहन को कई बार ओवरटेक करने की कोशिश की। हम सभी लोग चिल्लाए, मना भी किया लेकिन वो नहीं माना।