– दो हमलावर बाइक पर आए, सीने पर गोली मारी, लोग पकड़ने दौड़े तो तमंचा ताना।
मिर्जापुर। शनिवार सुबह सवा सात बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बाइक से आए। उन्हें रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें दिख रहा है कि वकील राजीव सिंह (45) रोज की तरह सुबह अपने घर से मॉर्निग वॉक के लिए निकले थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश आते हैं। पीछे बैठा शख्स हाथ में तमंचा लेकर उतरता है। वकील को सरेराह रोककर फायर कर देता है।
वारदात के बाद भागने की कोशिश करता है, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं होती। बाइक चला रहे साथी आरोपी ने 15-16 बार किक मारी, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इसके बाद हमलावर ने उसे पीछे किया और खुद बाइक स्टार्ट करने लगा। इस दौरान लोग हमलावरों को पकड़ने दौड़े तो आरोपी ने उन पर तमंचा तान दिया। लोग आपनी जान बचाकर पीछे हट गए।
हमलावर ने किक मारकर बाइक स्टार्ट की। मौके से दोनों फरार हो गए। लोग घायल वकील को लेकर लोग नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। मामला जिला मुख्यालय से 2 किलोमीटर दूर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ला की है।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि चुनावी रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। मृतक की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। हमलावर भी उसी गांव में प्रधान चुनाव लड़ चुका है। 7 महीने पहले भी हमलावर ने राजीव सिंह से मारपीट की थी। गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं।
वकील की पत्नी गांव में प्रधान
मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव के रहने वाले वकील राजीव सिंह उर्फ रिंकू कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पुरा में किराए के मकान में रहते थे। यहीं से कोर्ट आते-जाते थे। गांव में उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह प्रधान हैं। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया- राजीव सुबह करीब 6:00 बजे घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और हत्या कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान
एसएसपी ने बताया कि पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिससे मुख्य आरोपी की पहचान की गई। मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर भी मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव का रहने वाला है। प्रधानी चुनाव लड़ चुका है। उसकी राजीव सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह से चुनावी रंजिश चल रही थी। हालांकि, दूसरे आरोपी की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
कई महीनों से कर रहा था रेकी
पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र सोनकर भी कतवारू का पुरा में किराए के मकान में रहता है। पिछले कई महीनों से राजीव के मकान की रेकी कर रहा था। उसे पहले से पता था कि राजीव मॉर्निंग वॉक के लिए हर दिन कितने बजे घर से निकलते हैं।
सात महीने पहले भी ताना था तमंचा
पड़ोसियों ने बताया कि राजेंद्र सोनकर ने करीब सात महीने पहले भी राजीव सिंह पर बीच रास्ते रोककर हमला किया था। उसने बाइक की डिग्गी से तमंचा निकालकर राजीव सिंह पर तान दिया था और मारपीट की थी। राजीव सिंह ने इस मामले में कटरा कोतवाली में तहरीर भी दी थी, पर पुलिस की ओर से समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।

