– पुलिस चौकी पर हमला, दरोगा की वर्दी फाड़ी, बैज नोंचा।
मिर्जापुर। भीड़ ने पुलिस चौकी के अंदर घुसकर सिपाही को घसीट-घसीटकर पीटा। दरोगा की वर्दी फाड़ दी, बैज नोंच लिया। मोबाइल भी छीन लिया। पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की और जमकर गाली-गलौज की। पुलिस चौकी में करीब डेढ़ घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

एक ई-रिक्शा चालक की पैदल युवक से हल्की टक्कर हो गई थी। युवक के साथ मौजूद आधा दर्जन लोग ई रिक्शा चालक को बीच सड़क बुरी तरह से पीटने लगे। सूचना मिलते ही 100 मीटर दूर स्थित पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे और सभी को पकड़कर चौकी ले आए।
हमलावरों के गुस्से को देखते हुए चौकी के हेड कॉन्स्टेबल कमलेश पासवान ने ई रिक्शा चालक को एक कमरे में बंद कर दिया। तभी आरोपियों ने फोन करके गांव से डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को बुला लिया। लोग पहुंचकर हंगामा करने लगे।
इसी दौरान वीडियो बना रहे एक युवक का सिपाही ने मोबाइल छीन लिया, इसी बात से नाराज होकर भीड़ ने चौकी पर हमला बोल दिया। सूचना पर थाने और आसपास की चौकियों से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई। एक अधिवक्ता समेत 4 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। सिपाही और कॉन्स्टेबल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला शहर कोतवाली की मंडलीय अस्पताल स्थित पुलिस चौकी का है।
मिजार्पुर शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात 10:30 बजे सूचना आयोग कार्यालय के पास एक ई-रिक्शा की पैदल जा रहे युवक से हल्की टक्कर हो गई थी। युवक के साथ मौजूद 5-6 लोगों ने ई-रिक्शा चालक गुड्डू सरदार को खींच कर बीच सड़क लात-घूंसे से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर 100 मीटर दूर स्थित पुलिस चौकी सदर अस्पताल से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस रात करीब 11:00 सभी को पकड़कर चौकी ले आई। पर यहां भी हमलावर पुलिस के सामने ई रिक्शा चालक को मारने लगे।
शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि एक सड़क हादसे के मामले को लेकर पुलिस दोनों पक्षों को चौकी लाई थी। तभी एक पक्ष की ओर से करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने चौकी में घुसकर पुलिस पर हमला कर दिया। हमारे हेड कॉन्स्टेबल और चौकी प्रभारी चोटिल हुए हैं। वर्दी फाड़ी गई है। 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है। मुकदमा दर्ज करके कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस पर हमला करने के लिए गांव से बुलाई भीड़
हेड कॉन्स्टेबल कमलेश पासवान ने गुड्डू सरदार को बचाने के लिए उसे एक कमरे में बंद कर दिया। तब हमलावरों ने चौकी से 3 किलोमीटर दूर स्थित अपने गांव नेवली से रात 11:30 बजे 20 लोगों का फोन करके पुलिस चौकी बुला लिया। भीड़ ने पुलिस चौकी को घेर लिया। पुलिस कर्मियों से हाथापाई करने लगे। गुड्डू को कमरे से बाहर निकालने के लिए कहने लगे।
मोबाइल छीना तो भड़के हमलावर
इसी दौरान एक युवक वीडियो बना रहा था तो सिपाही कमलेश पासवान ने उसका फोन छीन लिया। इसी बात पर भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर हमला बोल दिया। सिपाही कमलेश पासवान को चौकी के अंदर ही घसीट-घसीटकर पीटा। उसका सिर फट गया, खून बहने लगा। बीच बचाव करने पहुंचे चौकी प्रभारी मनोज कुमार राय की वर्दी फाड़ दी, उनका बैज नोंच दिया। दो और पुलिस कर्मियों से मारपीट की। मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया। पुलिस चौकी में तैनात 3 आरक्षी और 8 महिला सिपाही बीच बचाव करते दिखे।
सूचना मिलने पर शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक कई आरोपी मौके से फरार हो गए। रात करीब 12 बजे तक पुलिस चौकी में हंगामा चलता रहा।
अधिवक्ता समेत चार हिरासत में
पुलिस ने नेवली गांव के अधिवक्ता ललित तिवारी समेत 4 लोगों को हिरासत में ले लिया। ललित तिवारी के बड़े भाई मुन्ना तिवारी को छोड़ दिया, क्योंकि मुन्ना तिवारी के बेटे की आज शादी है।

