– बेटी की शादी कराके लौट रहा था परिवार, मरने वालों में मां-बाप-भाई की मौत और दो ड्राइवर शामिल, पालतू कुत्ता भी मरा।
मऊ। शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसे में मां-बाप-भाई समेत 5 लोगों की मौत हो गई। परिवार रांची में बेटी की शादी कराके स्कॉपियो से गोरखपुर लौट रहा था। तड़के 3 बजे हाईवे पर अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई। डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के बाद बुरी तरह पिचकी स्कार्पियो में परिवार फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने जैसे-तैसे सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। हादसा दोहरीघाट थाने में हुआ। शुरूआती वजह ड्राइवर को झपकी मानी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और बेटे कृतार्थ (27) की मौत हो गई। परिवार गोरखपुर के रानीडीहा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। जबकि दोनों ड्राइवर नीतीश कुमार (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) बिहार के गया के रहने वाले थे।
गोरखपुर के खोराबार गांव के रहने वाले विनय श्रीवास्तव की बेटी विमन्सा की शादी रांची में तय हुई थी। 20 अप्रैल को शादी हुई। शादी संपन्न होने के बाद परिवार किराए पर स्कॉर्पियो लेकर 24 अप्रैल को रांची से 558 किमी दूर गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। दूरी ज्यादा थी, इसलिए स्कॉर्पियो में दो ड्राइवर भी थे।

परिवार करीब 400 किमी की दूरी तय करके कुसुम्हा बशारतपुर के पास तक पहुंच चुका था। गाड़ी ड्राइवर पुरुषोत्तम चला रहा था। बगल की सीट पर विनय श्रीवास्तव बैठे थे। बीच की सीट पर मां, बेटा और पालतू कुत्ता था। जबकि पीछे की सीट पर ड्राइवर नीतीश आराम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड 90 से 100 किमी के बीच थी। ड्राइवर पुरुषोत्तम को झपकी आई और स्कार्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन में पहुंच गई। उधर, तेज रफ्तार ट्रेलर था। ट्रेलर की चपेट में स्कार्पियो आ गई। टक्कर के बाद ट्रेलर कई मीटर तक स्कार्पियो को घसीट ले गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
हाईवे पर हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के गांव वाले मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन शव इस कदर फंसे हुए थे कि बाहर नहीं निकाल पाए। फिर गैस कटर और ट्रैक्टर मंगाया गया। गैस कटर से गाड़ी को काटा गया।
ट्रैक्टर से स्कॉर्पियो को खींचकर ट्रेलर से अलग किया। तब जाकर शवों को बाहर निकाला जा सका। शवों बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गए थे। किसी का हाथ कुचल गया था तो किसी क सिर पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस ने परिवार को सूचना दे दी है।

