– पोस्टरों के साथ दी अनु गुप्ता को श्रद्धांजलि, आज शाम होगी महाविद्यालय परिसर में शोक सभा।
मेरठ। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में एमबीए की छात्रा अनु गुप्ता की मौत के बाद छात्रों का आक्रोश और भावुक माहौल लगातार बना हुआ है। शुक्रवार रात यूनिवर्सिटी परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर अनु को श्रद्धांजलि दी।

छात्र हाथों में जलती कैंडल लेकर शांतिपूर्वक मार्च करते नजर आए। वहीं कई छात्रों के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था कि अनु गुप्ता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि और तुम्हारी मुस्कान और यादें हमेशा हमारे साथ जीवित रहेंगी। मार्च के दौरान कई छात्र भावुक दिखाई दिए। छात्रों ने कहा कि अनु की मौत ने पूरे कैंपस को झकझोर दिया है। कैंडल मार्च के जरिए छात्रों ने दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि देने के साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
एमबीए की छात्रा अनु गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद से कैंपस में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले भी यूनिवर्सिटी गेट पर देर रात तक धरना-प्रदर्शन हुआ था, जिसमें बाहरी छात्र नेताओं ने भी हिस्सा लिया था। गुरुवार सुबह 10 बजे वीसी डॉ. दीपा शर्मा सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत कराया।
इसके बाद छात्र नेताओं व विवि प्रशासन के बीच करीब एक घंटे बात हुई। सुबह 11:30 बजे धरना खत्म कर दिया गया। इसके बाद छात्रा अनु गुप्ता के पिता ने यूनिवर्सिटी मुकदमा दर्ज कराया। फिर शव लेकर सहारनपुर लौट गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। आज शनिवार शाम को छात्रों ने अनु गुप्ता के लिए कैंपस के अंदर शोक सभा आयोजित की है ।

