कांवड़ ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा, तीन दिन से चल रहा था उपचार
शामली। थाना भवन क्षेत्र में कांवड़ ड्यूटी पर जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए हेड कांस्टेबल अजय कुमार का बुधवार मेरठ में उपचार के दौरान निधन हो गया। तीन अगस्त को हुए हादसे के बाद वह तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे।
जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त की रात हेड कांस्टेबल अजय कुमार कादरगढ़ चौकी से बनत स्थित वॉच टावर पर कांवड़ ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थाना भवन पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें शामली के गंगा अमृत अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें मेरठ के अस्पताल भेजा गया। लगातार तीन दिन तक चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन बुधवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
हेड कांस्टेबल अजय कुमार जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के ग्राम कैथला के मूल निवासी थे। वह 22 सितंबर 2025 से थाना भवन थाने में तैनात थे। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, अजय कुमार अपने शांत स्वभाव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। कांवड़ यात्रा जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी निभाते समय उनका इस तरह हादसे का शिकार होना पूरे विभाग के लिए गहरा आघात है।