लाइसेंसी राइफल हुई बरामद, सोशलमीडिया पर वीडियो वायरल पर पुलिस की कार्रवाई
शारदा रिपोर्ट मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए हर्ष फायरिंग के वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद गंगानगर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था। इस संबंध में थाना गंगानगर में मु.अ.सं. 142/2026 के तहत धारा 125 बीएनएस और 25(9)/30 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर देहात के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सागर पुत्र जगवीर, उसकी पत्नी प्रिया तथा योगेश कुमार पुत्र कुंवरपाल जाट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सागर और प्रिया मूल रूप से ग्राम राजपुर, थाना खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर के निवासी हैं और वर्तमान में कसेरू बक्सर, गंगानगर में रह रहे हैं। वहीं योगेश कुमार मूल रूप से ग्राम तिगरी, थाना मवाना का निवासी है और वर्तमान में #गंगानगर में रह रहा है।
#पुलिस ने बताया कि आरोपी योगेश कुमार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल और उसका लाइसेंस बरामद कर लिया गया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग किस परिस्थिति में की गई थी और वीडियो कब बनाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। उन्हें निर्धारित समय पर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।


