भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के पदाधिकारियों ने किया प्रदर्शन
शारदा रिपोर्टर मेरठ। उत्तर प्रदेश के किसानों एवं किसान परिवारों की समस्याओं के समाधान एवं कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को दर्जनों किसानों ने भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के बैनर तले कमिश्नर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने योगी सरकार को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय पर सौंपते हुए बताया कि, किसान देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, परंतु वर्तमान समय में वह आर्थिक, सामाजिक एवं तकनीकी चुनौतियों से जूझ रहा है। इसलिए हम सभी यह मांग करते हैं कि, सभी प्रमुख फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य में एमएसपी की कानूनी गारंटी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मेरठ की तहसील सदर के अन्तर्गत आने वाले मुख्य गाँव, जिनमें नरहाड़ा, जाहिदपुर, सलेमपुर, बजौट, जुर्रानपुर, ततिना, चाँदसारा, हाजीपुर, सहित लगभग दर्जनों गाँवों पर आवास विकास द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व से धारा 28 लागू कर दी गई है, और अभी तक नियोजन समिति भी किसानों के पास नहीं पहुंची है। जिससे प्रभावित किसानो की मांग है कि दो माह के अन्दर किसानों को तय मुआवजे की रकम दी जाये, अन्यथा धारा 28 को निरस्त कर भूमि मुक्त की जाये।
भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के सभी सदस्यों ने यह मांग करते हुए कहा कि कि उपरोक्त मांगों पर गंभीरता से विचार कर किसानों एवं किसान परिवारों के हित में आवश्यक निर्णय लिया जाए। अन्यथा संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।