- बेटी की बारात दरवाजे पर थी, पिता-चाचा की मौत।
- द्वारपूजा के लिए फल लेने गए थे, दो बाइक आमने-सामने टकराने पर हुआ दर्दनाक हादसा, विवाह समारोह में मातम।
अमेठी। बेटी की शादी वाले दिन पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। घर के दरवाजे पर बारात खड़ी थी, शहनाइयां बज रही थीं और द्वारपूजा की तैयारियां चल रही थीं। पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। घर में दुल्हन सजी हुई बैठी थी।

शुक्रवार रात करीब 8 बजे द्वारपूजा से कुछ देर पहले पिता गौतम चाचा आशाराम के साथ बाइक से बाजार गए। उन्हें द्वारपूजा के लिए केले लेने थे। इसी बीच सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गौतम और आशाराम दोनों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। बेटी की डोली उठने से पिता की मौत की खबर सुनकर दुल्हन बार-बार बेहोश हो रही थी। सादगी के साथ शादी की रस्में पूरी करके बेटी को विदा किया गया। यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर लखनऊ-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जायस मोड़ के पास हुआ।
अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पंडित का गांव में गौतम (43) पुत्र राम भरोसे अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, सात बेटियां और एक बेटा है। गौतम गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार को गौतम की बड़ी बेटी मनीषा की शादी थी। बारात जामो थाना क्षेत्र के संभई गांव से आई थी।
घर में शादी की धूमधाम थी। टेंट लग चुका था, आंगन में मंडप सजा था और शाम करीब सात बजे बारात भी पहुंच चुकी थी। द्वार पूजा की तैयारियां चल रही थीं। वहीं, दुल्हन भी शादी के लिए तैयार हो चुकी थी। इसी बीच शुक्रवार रात 8 बजे पिता गौतम कुमार पड़ोस के आशाराम के साथ फल और जरूरी सामान लेने बाइक से बाजार के लिए निकले।
लखनऊ-जौनपुर हाईवे पर जायस रोड के पास ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय गौतम की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। गौतम की बाइक रांग साइड से आ रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में गौतम कुमार और आशाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी वाहन और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार बब्लू उर्फ विजय उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम डोमाडीह को गंभीर हालत में तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।वहीं, उसके साथ बैठे किशोरी दुर्गेश 15 वर्ष निवासी पूरे मिश्रंन बढ़ौली को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घर में शादी की रस्में चल रही थीं। सभी लोग पिता गौतम का इंतजार कर रहे थे, ताकि द्वारपूजा की रस्म शुरू की जा सके। इसी दौरान घर पर पिता के मौत की खबर पहुंची। हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पिता के घायल होने की सूचना मिलते ही बेटी मनीषा बार-बार बेहोश होकर गिर पड़ रही थी।
बेटी की डोली उठने से पहले पिता की मौत की खबर ने पूरे घर को तोड़ दिया। हादसे की सूचना के बाद शादी की रस्में सादगी के साथ पूरी की गई और दुल्हन की विदाई कराई गई। बैंड-बाजा भी वापस कर दिया गया था।
जगदीशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र यादव ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

