– बारातियों के स्वागत के लिए हो रही थी सजावट, मलबे के नीचे दबे कई लोग
संतकबीर नगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के उमरी खुर्द गांव में मंगलवार सुबह एक हादसा हो गया। शादी की तैयारियों के दौरान एक मकान का छज्जा गिरने से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, उमरी खुर्द निवासी हरिश्चंद्र राजभर के घर में उनकी बेटी की शादी थी। मंगलवार को बारात आनी थी। सुबह करीब 8:30 बजे घर में टेंट और लाइट की सजावट का काम चल रहा था। इसी दौरान मकान का पुराना छज्जा अचानक ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे लोग मलबे के नीचे दब गए।
इस हादसे में कुसुम उर्फ राजमती (70 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ खलीलाबाद प्रियम राज शेखर पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

