– घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से आम आदमी परेशान, एजेंसी की सांठगांठ से कालाबाजारी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। आम नागरिक सुबह से शाम तक गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। हालत यह है कि घंटों इंतजार के बाद भी लोग खाली हाथ अपने घर लौट रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले गैस सिलेंडर होटल और ढाबों तक आसानी से पहुंच रहे हैं।
जबकि नियमों के अनुसार होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में कमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग किया जाना चाहिए। कमर्शियल सिलेंडर महंगे होने के कारण कई होटल संचालक घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आम जनता के हिस्से का गैस सिलेंडर बाजार से गायब हो रहा है।
क्षेत्र के निवासी आकाश कुमार ने बताया कि घरेलू गैस की बुकिंग कराने के बाद भी कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर होटल और ढाबों पर लगातार सिलेंडर की सप्लाई हो रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी कर्मचारियों और कुछ व्यवसायियों की मिलीभगत के कारण यह स्थिति पैदा हो रही है। महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर न मिलने के कारण कई परिवारों को लकड़ी और अन्य पारंपरिक साधनों से खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से आम आदमी परेशान
घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से आम आदमी परेशान
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता का आक्रोश बढ़ सकता है। हस्तिनापुर में घरेलू गैस की कमी अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है।
1500 रुपये में बिक रहा सिलेंडर: हस्तिनापुर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आ रहा है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी कर्मचारियों और होटल-ढाबा संचालकों की मिलीभगत से घरेलू गैस सिलेंडर 1500 रुपये तक में बेचा जा रहा है। आम उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं पा रहे, जबकि होटल और ढाबों पर आसानी से सिलेंडर पहुंच रहे हैं। कमर्शियल सिलेंडर महंगे होने के कारण व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : पूर्ति निरीक्षक
मवाना के पूर्ति निरीक्षक अजय कुमार ने कहा कि नियमों के तहत होटल, ढाबों और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाना चाहिए। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक कार्यों में इस्तेमाल पूरी तरह नियम विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी होटल या ढाबे पर घरेलू सिलेंडर उपयोग किए जाने की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित संचालकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक ने आम लोगों से भी अपील की कि वे किसी भी अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें।