रांची का मौसम बिगड़ा, एक विमान दिल्ली लौटा, दूसरी रांची जाने वाली रद्द
लखनऊ। गुरुवार देर शाम रांची में खराब मौसम की वजह से विमानों की आवाजाही पर असर पड़ा। इसके चलते रांची जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात बेंगलुरु से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई221 (एयरबस ए320) को खराब मौसम के कारण लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान रात 9:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। विमान को एयरपोर्ट पर ही खड़ा रखा गया और यात्रियों को होटल में ठहराया गया। यह विमान शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे रांची के लिए रवाना हो सकता है।
इसी तरह, दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई5023 (एयरबस ए320) को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान रात 10:20 बजे लखनऊ पहुंचा और करीब डेढ़ घंटे तक वहीं रुका रहा। रांची का मौसम ठीक न होने पर इस विमान को यात्रियों के साथ रात 11:50 बजे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
इसके अलावा, रांची में ज्यादा खराब मौसम के कारण गुरुवार रात लखनऊ से 11:10 बजे रांची जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान 6ई221 रद्द कर दी गई। लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने डायवर्ट की गई दोनों उड़ानों और उनके यात्रियों को जरूरी मदद दी।