Monday, June 2, 2025
Homeउत्तर प्रदेशHastinapurहस्तिनापुर में होगा देव दीपावली महोत्सव

हस्तिनापुर में होगा देव दीपावली महोत्सव

  • 5100 दीपों से बूढ़ी गंगा के तट और द्रौपदी घाट को सजाया जाएगा.

शारदा रिपोर्टर मेरठ। महाभारतकालीन हस्तिनापुर की पावन भूमि पर, पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी देव दीपावली महोत्सव का आयोजन कार्तिक पूर्णिमा को धूमधाम से किया जाएगा। इस संबंध में, नेचुरल साइंसेज ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रियंक भारती ने मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा को एक पत्र सौंपा है। पत्र में महोत्सव को काशी की तर्ज पर और भी भव्य रूप से आयोजित करने की योजना की जानकारी दी गई है।

प्रियंक भारती ने बताया कि इस वर्ष देव दीपावली महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस बार 5100 दीपों से बूढ़ी गंगा के तट और द्रौपदी घाट को सजाया जाएगा। इसके साथ ही, महोत्सव में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी की उम्मीद की जा रही है। यह आयोजन न केवल हमारी प्राचीन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण का प्रयास है, बल्कि यह क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक गौरव को भी प्रोत्साहित करता है।

पिछले वर्ष देव दीपावली महोत्सव 2100 दीपों से मनाया गया था, जिसमें सवा लाख बत्तियों से बूढ़ी गंगा की भव्य आरती की गई थी। इस आयोजन ने स्थानीय जनता और दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं के बीच अपार उत्साह पैदा किया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर पंचायत हस्तिनापुर और खंड विकास कार्यालय का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ था।

इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन से सहयोग की अपील की गई है। जिलाधिकारी मेरठ दीपक मीणा ने इस अनुरोध को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है और आश्वासन दिया है कि इस बार का कार्यक्रम और भी भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। नगर पंचायत, पर्यटन विभाग, और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर महोत्सव को सफल बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता के साथ क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा दे सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

ताजा खबर

Recent Comments