- इमरजेंसी के पचास साल पूरा होने पर बोले केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। इमरजेंसी के 50 साल पूरे होने पर बीजेपी इसे काले अध्याय के तौर पर मना रही है। मेरठ पहुंचे केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि, 50 वर्ष पूर्व 25 जून को कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। देश में लोकतंत्र के माथे पर कांग्रेस ने कलंक लगाया था। युद्ध और विद्रोह के कारण नहीं इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने को आपातकाल लगाया था और पूरे देश को जेलखाना बना दिया था। उन्होंने कहा कि, संविधान की दुहाई देकर संविधान को सिर पर उठाकर घूमते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इमरजेंसी में अत्याचार और अन्याय की पराकाष्ठा की थी। इसलिए कांग्रेस के मुंह से संविधान की बातें शोभा नहीं देती।
उन्होंने कहा कि आपातकाल में अब के मौजूदा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की मां के अंतिम संस्कार में जाने की इजाजत नहीं दी थी।
कांग्रेस पर फिर निशाना साधते हुए कहा कि मां बेटा खुद को संविधान से ऊपर समझते हैं, मनमोहन सरकार में मुखौटा कोई और सत्ता का केंद्र कोई और था, लोकतंत्र की बात कांग्रेस के मुंह से अच्छी नहीं लगती।
इटावा के कथावाचकों के साथ हुए दुर्व्यवहार पर जब उनसे सवाल किया गया तो कहा कि, जिन्होंने घटना की वो जेल गए। सरकार सख्त है, इस घटना के लिए सरकार जिम्मेदार नहीं है।
सपा नेता राजेंद्र चौधरी के आज के हालातों की तुलना इमरजेंसी से करने के बयान पर पलटवार किया। बोले कि, देश कायदे कानून से चलता है, मोदी या योगी की सरकार हो कायदे कानून से चलती है। किसी भी दल का हो कानून को हाथ में लेगा तो कार्यवाही होगी। किसी को भ्रष्टाचार और अपहरण की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
उन्होंने पूर्व की सरकारों का जिक्र किया कि ये अपहरण और फिरौतियों का प्रदेश था। अब कानून का राज है, कानून को अपने हाथ में लेने तो कितना भी बड़ा व्यक्ति हो कार्यवाही होगी ही।
इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, ऊर्जा राज्य मंत्री डॉक्टर सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा और बीजेपी नेता कमल दत्त शर्मा मौजूद रहे।