शटर उठाकर अंदर भागे पड़ोसी, तो हुआ खुलासा, तीन महीने पहले ही हुई थीं दो बच्चों की शादी
बुलंदशहर। अनूपशहर में मोरीगेट मुख्य बाजार में गुरुवार सुबह कपड़ा व्यापारी ने अपनी ही दुकान के अंदर कनपटी पर तमंचा रखकर खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर दौड़े पड़ोसी जब तक शटर उठाकर अंदर पहुंचे, व्यापारी दम तोड़ चुका था।
महज तीन महीने पहले ही मृतक ने अपने दो बच्चों की शादी की थी। मौके पर मौजूद पुलिस ने फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मोहल्ला मीरा निवासी नदीम (45) पुत्र हसमुद्दीन की मोरीगेट मुख्य बाजार में कपड़ों की दुकान है। नदीम चार भाई हैं और चारों का बाजार में ही रेडीमेड का काम है। रोजाना की तरह नदीम सुबह अपनी दुकान पर आया था। पड़ोसियों के मुताबिक, उसने दुकान के शटर का एक पल्ला उठाया और अंदर चला गया। अंदर जाते ही उसने शटर गिरा लिया और अगले ही पल कट्टे से खुद को गोली मार ली।
बाजार में अचानक गोली की आवाज गूंजते ही आसपास के दुकानदार सहम गए। आनन-फानन में पड़ोसी नदीम की दुकान की तरफ दौड़े और शटर उठाकर देखा तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। नदीम खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था और पास ही तमंचा पड़ा था। देखते ही देखते बाजार में सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गए।
नदीम चार बच्चों का पिता था। उसके परिवार में दो बेटे उजैफ (24), अजीम (14) और दो बेटियां अजमी (22) व ईरा (15) हैं। परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि अभी करीब 3 महीने पहले ही नदीम ने बड़े बेटे उजैफ और बेटी अजमी की शादी की थी। घर में अभी शादियों की खुशियों का माहौल पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि इस आत्मघाती कदम ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
सीओ शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति साफ हो सके। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।