सरकारी अस्पतालों में बदलते मौसम के चलते दोगुनी हुई ओपीडी
मेरठ। बदलते मौसम और बारिश के कारण सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में वायरल फीवर, सर्दी-खांसी, डायरिया, टाइफाइड और डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों के मरीजों की भीड़ तेजी से बढ़ रही है। आर्थिक रूप से कमजोर लोग और मौसमी संक्रमण से पीड़ित आम जनता इलाज के लिए बड़ी संख्या में सरकारी चिकित्सा केंद्रों का रुख कर रही है। वहीं, लगातार बदलते मौसम को देखते हुए चिकित्सकों ने बारिश से बचने और साफ-सफाई रखने की सलाह दी है।
चिकित्सा को कहना है कि, इस मौसम में बाहर के खाने से बचें और हमेशा ताजा खाना खाएं।बारिश के चलते अब संक्रामक रोग बढ़ने लगे हैं। इनमें सबसे ज्यादा मौसमी बीमारी के मरीज रहे। अस्पतालों में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें दिखीं। शुक्रवार को लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में ओपीडी में मरीजों की संख्या 3843 जा पहुंची। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी ने बताया कि, बारिश के बाद ओपीडी में काफी इजाफा हो गया है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अनुराग तोमर ने बताया कि बरसात के कारण गले में संक्रमण, खांसी, बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। त्वचा की समस्या भी लेकर रोगी पहुंच रहे हैं। वहीं शहर के बीचों-बीच बने प्यारे लाल जिला अस्पताल में भी शुक्रवार सुबह से ही मरीजों का तांता लगा रहा। यहां भी खांसी, जुखाम, बुखार, गले में दर्द, उल्टी आना, जी मिचलाना जैसे मरिज चिकित्सकों से इलाज करते हुए दिखाई दिए। वहीं, आम दिनों के मुकाबले प्यारेलाल शर्मा जिला अस्पताल की ओपीडी दोगुनी हो गई।