– लुटेरों ने गला रेता, इन्वर्टर और कानों के कुंडल लूटे, बेटा दिल्ली पुलिस में
बुलंदशहर। लुटेरों ने बुजुर्ग महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। हमलावर लूटपाट के इरादे से मंगलवार देर रात घर में घुसे थे। घर में अकेले रह रही बुजुर्ग महिला ने लुटेरों का विरोध किया तो उन्होंने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद लुटेरों ने मृतका के सोने के कुंडल लूटे और घर का इन्वर्टर व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना मंगलवार देर रात की है। परिजनों को बुधवार शाम तब जानकारी हुई, जब कई बार कॉल करने के बाद भी महिला का फोन रिसीव नहीं हुआ। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। साक्ष्य जुटाए।
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया- मृतका का बेटा दिल्ली पुलिस में दरोगा पद पर तैनात है। घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूरी पर रहने वाले मृतका के भतीजे ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
घटना पहासू थाना क्षेत्र के गांव साबितगढ़ की है। 85 वर्षीय कमलेश देवी घर में अकेले रहती हैं। बेटा सुनील भारद्वाज दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद पर तैनात है। रात में कमलेश घर में अकेली थीं। इसी दौरान रात करीब 3 बजे अज्ञात हमलावर घर में लूटपाट के इरादे से दाखिल हुए। कमलेश देवी बिस्तर पर सो रही थीं। खटपट की आवाज से नींद खुद गई। लुटेरों को देख उन्होंने शोर मचा दिया। पकड़े जाने के भय से लुटेरों ने उन पर हमला बोल दिया। धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या कर दी और लूटपाट करके मौके से फरार हो गए।
घटना स्थल से 200 मीटर की दूरी पर रहने वाले कमलेश के भतीजे बृजमोहन ने बुधवार शाम करीब छह बजे बुआ को फोन किया। पर कई बार कॉल करने के बाद भी फोन रिसीव नहीं हुआ। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कई बार दरवाजा खटखटाया। पर गेट नहीं खुला। अंतत: कमलेश के बेटे सुनील भारद्वाज को फोन पर सूचना दी। सुनील की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में बिस्तर पर कमलेश का शव पड़ा मिला।
घटना की जानकारी पर एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल की जांच की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
बृजमोहन ने बताया कि कमलेश देवी के मकान में एक किरायेदार राजेंद्र सिंह रहते थे। राजेंद्र साबितगढ़ मिल में काम करते थे। वहीं कमलेश की देखभाल भी करते थे। एक सप्ताह पहले मिल बंद हो गई तो राजेंद्र अपने गांव चले गए थे। इसके अलावा महिला की देखभाल कभी-कभी गांव की पुष्पा देवी करती थीं।
बड़े बेटे की सालों पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बृजमोहन ने बताया- कमलेश देवी की एक बेटी भी है, जो खुर्जा स्थित अपने ससुराल में रहती है। छोटा बेटा सुनील दिल्ली पुलिस में है। वहीं बड़े बेटे की 1997 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है।
जांच के लिए 4 टीमें गठित
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया- बेटे सुनील भारद्वाज ने पहासू थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। चार टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।