– पिता ने दामाद, उसके पिता और दो भाइयों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।
हरदोई। एक शादी समारोह से एक युवक अपनी साली को लेकर फरार हो गया। युवती के पिता ने दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा शुक्रवार को दर्ज कराया है। यह घटना सुरसा थाना क्षेत्र में हुई।

बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 30 मार्च को सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी 19 वर्षीय पुत्री के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी समारोह में उनका दामाद शाहिद, जो मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के राघौपुर नेवादा का निवासी है, अपनी पत्नी के साथ मौजूद था।
शादी समारोह के दौरान उनकी पुत्री अचानक गायब हो गई। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। कुछ देर बाद दामाद शाहिद भी समारोह स्थल से गायब हो गया। इसके बाद युवती के पिता को दामाद पर अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह हुआ।
युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने में दामाद शाहिद के भाई ताहिर, वाहिद और पिता रजा हुसैन ने भी सहयोग किया है। सुरसा थानाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती और आरोपियों की तलाश कर रही है।

