कमरे में पंखे से लटक रहा था दुपट्टा, पिता ने जताई हत्या की आशंका
लखनऊ। चिनहट में बीआर्क की 22 वर्षीय छात्रा शिवानी मिश्रा ने किराए के फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। 18 नवंबर की शाम उसकी सहेली घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। गार्ड की मदद से अंदर पहुंचने पर शिवानी जमीन पर बेहोश मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कमरे में पंखे से दुपट्टा लटक रहा था। पुलिस को डायरी में पुराना सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। शिवानी प्रयागराज के ग्राम लेदहा, थाना नवाबगंज की रहने वाली थी। वह चिनहट के अशरफ विहार कॉलोनी स्थित शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में दो सहेलियों के साथ रहती थी। तीनों बीबीडी में पढ़ाई और नौकरी करती थीं।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम करीब 8 बजे शिवानी की सहेली रिया मिश्रा नौकरी से फ्लैट लौटी। दरवाजा अंदर से बंद था। उसने अपार्टमेंट के गार्ड की मदद से सीढ़ियों की तरफ से अंदर जाने का रास्ता बनाया। कमरे में शिवानी जमीन पर बेहोश पड़ी मिली। रिया ने अपने परिचित अभिषेक चौधरी को बुलाया। इसके बाद शिवानी को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से कमरे का निरीक्षण कराया। इस दौरान पंखे से लटक रहा दुपट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। कमरे में रखी डायरी से एक पुराना सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस उसका अवलोकन कर रही है।
पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और गार्ड से पूछताछ की। शुरूआती जांच में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। हालांकि, पिता ने बेटी की मौत पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने चिनहट थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, परिजनों की ओर से बताए गए बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

