धोखाधड़ी के फरार को पकड़ने आई थी टीम, परिजन समेत चार पर केस दर्ज
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में फरार आरोपी को पकड़ने पहुंची बलिया पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई का मामला सामने आया है। सोमवार रात पुलिस टीम ने धोखाधड़ी के पुराने मामले में फरार कपिल सिंह को उसके घर से पकड़ लिया था। पुलिसकर्मी उसे लेकर आगे बढ़ते, इससे पहले ही उसके परिजन और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इन लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान कपिल सिंह पुलिस की पकड़ से छूटकर फरार हो गया। घटना के बाद बाबूगढ़ पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर रोहित कुमार को सौंपी गई है।
बलिया जिले के बांसडीह थाने के सब-इंस्पेक्टर सूरज पटेल सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस टीम के साथ हापुड़ के गांव कोटा हरनाथपुर पहुंचे थे। टीम धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे कपिल सिंह को गिरफ्तार करने आई थी। पुलिस ने कपिल सिंह के घर पर छापा मारा।
पुलिस टीम को देखते ही कपिल सिंह घर से निकलकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और करीब 50 मीटर दूर जाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेने की कार्रवाई कर ही रही थी कि उसके परिजन और कुछ अन्य लोग वहां पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। पुलिस टीम और आरोपी के परिजनों के बीच विवाद के दौरान कपिल सिंह को मौका मिल गया और वह पुलिस की पकड़ से छूटकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में कपिल सिंह, उसके पिता हरदम सिंह, गोविंद उर्फ रितिक और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार कपिल सिंह की तलाश के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले की विवेचना सब-इंस्पेक्टर रोहित कुमार को सौंपी गई है।