– संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, तीन युवकों पर जताया शक।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मवाना के किला बस स्टैंड के पास मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में फल और सब्जी की तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने की परिस्थितियां संदिग्ध बताई जा रही हैं, क्योंकि प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों की बिजली पहले से कटी हुई थी।

मोहल्ला मुन्नालाल निवासी रियाजुद्दीन पुत्र जफर, मोहसिन पुत्र जव्वार और इरशाद पुत्र जव्वार की दुकानें किला बस स्टैंड के पास एक साथ स्थित थीं। मंगलवार देर रात करीब दो बजे अचानक इन दुकानों से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकानदारों को करीब ढाई बजे घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे भी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तीनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा फल, सब्जी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित दुकानदारों ने लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। दुकानदार रियाजुद्दीन ने घटना को संदिग्ध बताते हुए शरारती तत्वों की भूमिका से इनकार नहीं किया है। स्थानीय लोगों में भी आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चचार्एं हैं। पीड़ितों ने तीन युवकों पर पुलिस से शक जताया है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

