HomeCRIME NEWSनिवेश के नाम पर कारोबारी से 34 लाख ठगे

निवेश के नाम पर कारोबारी से 34 लाख ठगे

-

भाई-भतीजे समेत तीन पर मुकदमा, 1.36 लाख लौटाकर भुगतान बंद किया


शारदा रिपोर्टर मेरठ। मवाना में निवेश के नाम पर कारोबारी से 34 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक कंपनी में रकम लगाने पर उसे दोगुना करने का झांसा दिया था।

शुरूआत में 1.36 लाख रुपये मुनाफे के नाम पर लौटाए, फिर भुगतान बंद कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की, जिसके बाद शाहिद चौधरी, उसके भाई और भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। खास बात यह है कि शाहिद कुछ दिन पहले पुलिसकर्मियों पर अवैध हिरासत और वसूली का आरोप लगाकर चर्चा में आया था। उसकी शिकायत पर दो पुलिसकर्मी निलंबित हुए थे।

मवाना के भैंसा रोड निवासी जमशेद के मुताबिक, करीब दो साल पहले नोएडा के गेझा निवासी शाहिद चौधरी ने उससे संपर्क किया था। उसने खुद को टीएलसी कंपनी का एजेंट बताते हुए विदेशी करेंसी एक्सचेंज के कारोबार में निवेश का प्रस्ताव दिया।

शाहिद ने 20 लाख रुपये लगाने पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया। उसके भाई सनव्वर और भतीजे मुरसलीन ने भी मुनाफे की गारंटी दी। आरोप है कि जमशेद ने अलग-अलग खातों में 20.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए और 13.50 लाख रुपये नकद दिए।

पीड़ित के खाते में तीन सितंबर 2024 से पांच फरवरी 2025 के बीच कुल 1,36,640 रुपये भेजे गए। इसे निवेश का मुनाफा बताया गया। कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया। जमशेद ने निवेश की रकम और कंपनी के शेयरों के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे।

जमशेद का आरोप है कि रकम वापस मांगने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर तीनों ने गाली-गलौज की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

शाहिद चौधरी ने कुछ दिन पहले लिसाड़ी गेट थाने के पुलिसकर्मियों पर अवैध हिरासत में रखकर प्रताड़ित करने और वसूली का आरोप लगाया था। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने दरोगा अंकित सागर और कांस्टेबल नीरज कुमार को निलंबित कर दिया था। खतौली थाने में तैनात दरोगा आरिफ का नाम भी एफआईआर में शामिल हुआ था।

अब एसएसपी के निर्देश पर मवाना पुलिस ने शाहिद, सनव्वर और मुरसलीन के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts