बारात से लौटते समय हुआ हादसा, पांच लोग हुए गंभीर रूप से घायल
गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार तड़के बारात से लौट रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के कानूनगोपुरा दक्षिणी के रहने वाले लोग करनैलगंज के बरगदी कोट में भगत तिवारी के यहां बारात में शामिल होने आए थे। बुधवार रात जयमाल कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी बलेनो कार से घर लौट रहे थे।
गुरुवार तड़के करीब दो बजे करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर बैकुंठनाथ महाविद्यालय के पास सोनवार मोड़ से आगे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई।सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) करनैलगंज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने शिव शंकर पांडेय (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन पांडेय (18), सोमनाथ पांडेय (40), अभिनव पांडेय (30), शुभम पांडेय (19) और कृष्णा पांडेय (30) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया गया।
एसएसआई दुर्गा प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही बारात में शामिल लोगों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस घटना की वजह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है।