शादी से लौट रहे हाथी की मौत; महावत और साथी घायल
गोरखपुर। नेशनल हाईवे-24 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में हाथी की मौत हो गई। बेलीपार थाना क्षेत्र के हाटा (डवरपार) स्थित ईंट-भट्ठे के सामने सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार वाहन ने हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाथी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में महावत और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गयी। वहीं, हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। अभी तक न तो वाहन की पहचान हो सकी है और न ही चालक का पता चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक, खजनी थाना क्षेत्र के छपिया निवासी हरीश सिंह का हाथी शादी समारोह में शामिल होने गया था। बेलीपार के सेवई बाजार के रहने वाले महावत जाफर अंसारी (20), अपने सहयोगी फैयाज अंसारी (15) से साथ हाथी को लेकर वापस लौट रहा था। शनिवार सुबह दोनों हाथी के साथ हाटा (डवरपार) के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने हाथी को टक्कर मार दी।
इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि हाथी सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महावत जाफर और उसका सहयोगी फैयाज भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक रुकने के बजाय गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सड़क पर हाथी का शव पड़ा होने से कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।